दूध के फायदों के बारे में तो आप जानते ही होंगे। इसके सेवन से न सिर्फ हड्डियां मजबूत होती हैं बल्कि इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद हैं। कई अध्ययनों में भी यह बात साबित हो चुकी है कि दूध का सेवन हमारी सेहत को बनाए रखने में अहम रोल निभाता है। इसके सेवन से डायबिटीज से लेकर मोटापा, हृदय रोग और कई तरह के कैंसर को भी रोकने में मदद मिलती है। ऐसे में यह सवाल बेहद जरूरी है कि आखिर उम्र के हिसाब से रोजाना कितनी मात्रा में दूध पीना चाहिए, जिससे हमारे शरीर को फायदा हो। आइए जानते हैं इसके बारे में...
बच्चे के जन्म से एक साल की उम्र तक
बच्चों के जन्म से लेकर छह महीने तक तो उन्हें सिर्फ मां का दूध ही पिलाना चाहिए, ऐसा डॉक्टर भी सलाह देते हैं, क्योंकि इस उम्र में बच्चों को ज्यादा पोषण की जरूरत होती है, जो उन्हें सिर्फ मां के दूध से ही मिल सकता है। विशेषज्ञ कहते हैं कि जब तक बच्चा एक साल का न हो जाए, तब तक उन्हें गाय का दूध नहीं देना चाहिए, क्योंकि इससे उन्हें कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं।
एक साल से तीन साल की उम्र तक
एक से तीन साल तक की उम्र के बच्चों को रोजाना 100 से 200 मिलीलीटर दूध जरूर पिलाना चाहिए, जिससे उन्हें उचित मात्रा में कैल्सियम की प्राप्ति हो सके। दूध के अलावा आप बच्चों को उचित मात्रा में दही और दूध से बने प्रोडक्ट्स भी दे सकते हैं।
चार से 10 साल तक की उम्र तक
चार से 10 साल तक की उम्र के बच्चों को रोजाना 200 से 300 मिलीलीटर दूध पिलाना जरूरी होता है। इससे उनकी हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायता मिलती है। इसके अलावा आप दूध से बने प्रोडक्ट्स भी उन्हें दे सकते हैं।
11 से 18 साल तक की उम्र तक
इस उम्र में बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बहुत तेजी से होता है, जिसमें दूध का एक अहम योगदान होता है। इसलिए 11 से 18 साल तक की उम्र के बच्चों को हर रोज कम से कम तीन कप दूध जरूर देना चाहिए।
18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को रोजाना कितना दूध पीना चाहिए?
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च यानी आईसीएमआर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को करीब दो गिलास दूध रोज पीना चाहिए, क्योंकि इस उम्र में उन्हें रोजाना 600 मिलीग्राम कैल्सियम की जरूरत होती है। हालांकि रोज एक गिलास दूध भी पिएं तो कोई दिक्कत नहीं है। इसके अलावा आप कैल्सियम की जरूरतों को पूरा करने के लिए दाल, बीन्स या हरी सब्जियों का सेवन कर सकते हैं।
नोट: यह सलाह केवल आपको सामान्य जानकारी प्रदान करने के लिए दी गई है। आप किसी भी चीज का सेवन करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।






No comments:
Post a Comment