हमने कई तरह के म्यूजियम के बारे में सुना और देखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी चॉकलेट म्यूजियम के बारे में सुना है। जी हां, चॉकलेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है कि चॉकलेट का भी म्यूजियम खुल गया है। इस अनोखे म्यूजियम की शुरुआत 13 सितंबर को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख शहर में हुई है।
65,000 वर्ग फीट के क्षेत्रफल में फैले इस म्यूजियम का नाम लिंट होम ऑफ चॉकलेट है। इस अनोखे म्यूजियम के अंदर जाते ही हर चीज चॉकलेट से बनी नजर आएगी। इतना ही नहीं, इस म्यूजियम में 30 फीट की ऊंचाई वाला फाउंटेन भी है, जिसे आकर्षण का प्रमुख केंद्र माना जा रहा है। यह म्यूजियम अपने आप में अनूठा है। इसमें दुनिया की सबसे बड़ी लिंट चॉकलेट शॉप भी है, जिसका उद्घाटन दुनिया के महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने किया है।
दुनियाभर में ज्यूरिख शहर को चॉकलेट की राजधानी कहा जाता है। ऐसा कहा जाता है कि इस शहर में उत्पादित होने वाला चॉकलेट सबसे बेहतर क्वालिटी और टेस्ट वाली होती है। स्विस चॉकलेट मेकिंग का इतिहास जानने के लिए यह म्यूजियम एकदम परफेक्ट जगह है।
इस अनोखे म्यूजियम में आने वाले विजिटर्स अपने साथ कुछ गिफ्ट भी घर ले जा सकते हैं। इसके साथ ही यहां मौजूद चॉकलेटेरिया में लोगों को खुद अपने हाथ से चॉकलेट बनाने का मौका मिलेगा। इस म्यूजियम में कोको बीन्स के उत्पादन की शुरुआत, शुरुआती चॉकलेट उत्पादन का इतिहास और इसकी समूची सांस्कृतिक विरासत के इतिहास की झलक भी देखने को मिलेगी।
'लिंट होम ऑफ चॉकलेट' में कैफेटेरिया की तर्ज पर चॉकलेटेरिया भी होगा, जहां कॉफी की तरह लोग अपने पसंद की चॉकलेट बनाकर स्वाद ले सकेंगे।





No comments:
Post a Comment